मेला देखने गई मासूम की दुष्कर्म के बाद हत्या ! पूर्व मंत्री के गांव में हैवानियत

SHARE:

 

एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या, पूर्व मंत्री के गांव में हैवानियत। शव गड्ढे में मिलने से इलाके में सनसनी

संजय कुमार की रिपोर्ट

बेगूसराय जिले में शुक्रवार को घटी एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत और गुस्से से भर दिया है। चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के श्रीपुर पंचायत अंतर्गत अर्जुन टोल गांव में 13 वर्षीय किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। इस वारदात के सामने आने के बाद से आसपास का माहौल तनावपूर्ण है।

बताया जाता है कि उसका शव गांव के पास बने पोखर से बरामद हुआ। घटना स्थल पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के आवास से कुछ ही दूरी पर बने विवाह भवन के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, किशोरी गुरुवार की शाम खंजापुर मेला देखने चली गई थी, लेकिन रात तक घर वापस नहीं लौटी। जब काफी देर हो गई तो उसके मां -पिता ने मेला स्थल पर अनाउंसमेंट भी कराया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने देखा कि किशोरी का शव गांव के पास गड्ढे में पड़ा हुआ है। इसके बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जुट गए और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन से फॉरेंसिक जांच टीम और डॉग स्क्वायड को तत्काल बुलाने की मांग की। ग्रामीणों का आक्रोश इतना बढ़ गया कि वे शव को पोखर से बाहर निकलने नहीं दे रहे थे। सूचना मिलने पर मंझौल एसडीपीओ नवीन कुमार और थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कैंप कर रहे हैं। पुलिस लगातार आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रही है। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधि भी लोगों को शांत कराने में जुटे हैं।

घटनास्थल पर लोगों की भीड़ मौजूद

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद फॉरेंसिक जांच टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ गई है। करीब तीन घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी जांच टीम का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

इस दिल दहला देने वाली वारदात से इलाके के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। लोग दोषियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और कठोरतम सजा की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप बेसुध हो जा रहे हैं, तो बहन-भाई और रिश्तेदारों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन है। गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हर किसी की आंखें नम हैं।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई