बेगूसराय में लगेगी 89 हाई मास्ट लाइटें, एनटीपीसी बरौनी व जिला प्रशासन के बीच हुआ समझौता

SHARE:

 

बेगूसराय को मिलेगी नई रोशनी, पाँच करोड़ की लागत से लगेंगी हाई मास्ट लाइटें

ब्यूरो रिपोर्ट

बेगूसराय। जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, खेल मैदानों और बाजारों में अब अंधेरा नहीं रहेगा। एनटीपीसी बरौनी की सामुदायिक विकास योजना के तहत पूरे बेगूसराय जिले में 89 हाई मास्ट लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को इस संबंध में एनटीपीसी बरौनी और जिला प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ।

इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग पाँच करोड़ रुपये है। इसका उद्देश्य जिले के सार्वजनिक स्थलों को रोशन करना, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना और सामुदायिक सुविधाओं को बेहतर करना है।

सहमति पत्र सौंपा गया

एनटीपीसी बरौनी की ओर से परियोजना प्रमुख जयदीप घोष ने हाई मास्ट लाइट लगाने संबंधी सहमति पत्र जिलाधिकारी तुषार सिंगला को सौंपा। इस अवसर पर एनटीपीसी के एचओएचआर श्री सरोज कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक के.एन. मिश्रा, तथा जिला प्रशासन की ओर से डीडीसी प्रवीण कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

बेगूसराय जैसे बाढ़ प्रभावित जिले को मिलेगा लाभ

बेगूसराय जिला गंगा, बाया और बुढ़ी गंडक जैसी नदियों से घिरा हुआ है, जिसके कारण यह बाढ़ प्रभावित जिलों में गिना जाता है। बरसात या बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों को अक्सर सुरक्षित स्थानों या सड़कों पर रात गुजारनी पड़ती है। ऐसे समय में रोशनी का अभाव बड़ी समस्या बन जाता है।
हाई मास्ट लाइटें लगने से आपदा प्रबंधन और राहत कार्यों में भी सहूलियत मिलेगी। बाढ़ या किसी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित और रोशन जगहें उपलब्ध होंगी।

डिपॉजिट वर्क आधार पर पूरा होगा प्रोजेक्ट

यह परियोजना डिपॉजिट वर्क आधार पर पूरी की जाएगी। इसमें एनटीपीसी बरौनी फंडिंग की जिम्मेदारी निभाएगा, जबकि स्थापना और क्रियान्वयन का कार्य जिला प्रशासन के माध्यम से संपन्न होगा।

सामुदायिक जीवन में नई रोशन

इस परियोजना के पूरा हो जाने के बाद जिले की तस्वीर बदल जाएगी। चौक-चौराहों, खेल मैदानों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर हाई मास्ट लाइट लगने से रात के समय भी सामाजिक व व्यावसायिक गति विधियाँ जारी रह सकेंगी। लोगों को सुरक्षित वातावरण मिलेगा, बच्चों और युवाओं को खेलकूद के लिए अधिक समय मिलेगा, वहीं दुकानदारों और व्यवसायियों को रात में भी ग्राहकों की सुविधा के अनुसार दुकानें चलाने का अवसर मिलेगा। जिला प्रशासन और एनटीपीसी अधिकारियों का मानना है कि यह परियोजना बेगूसराय के शहरी और ग्रामीण दोनों इलाकों के विकास को नई दिशा देगी और सामुदायिक जीवन में “रोशनी” के साथ सुरक्षा और समृद्धि भी लाएगी।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई