शादी के बाद से लाखों के दहेज और गाड़ी की मांग, साड़ी से गला दबाने का प्रयास करने का भी आरोप। महिला हेल्पलाइन में शिकायत के बावजूद नहीं सुधरे हालात
Reported by: Sanjay Kumar
बेगूसराय के वीरपुर पश्चिमी पंचायत वार्ड संख्या छह निवासी करुणा सोनी ने अपने पति, ससुर एवं अन्य ससुराल जनों पर दहेज प्रताड़ना और शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए वीरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 27 नवंबर 2024 को वीरपुर पश्चिमी के राजकिशोर साह से हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के उपहार, नकद और फर्नीचर दिए गए थे। इसके बावजूद पति राजकिशोर साह, ससुर पशुपति साह और अन्य परिजनों ने चारपहिया वाहन, एलईडी, लैपटॉप समेत अन्य दहेज की मांग शुरू कर दी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले ससुर के कहने पर पति ने साड़ी से उसका गला दबाने की कोशिश की। इस दौरान ससुराल के सदस्य रोहित और सन्नी ने उसकी पिटाई की और रीता देवी ने घसीटकर घर से बाहर निकाल दिया। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
महिला ने यह भी बताया कि उसका पति अंजली नाम की एक लड़की से अश्लील बातें करता है और विरोध करने पर उसे प्रताड़ित करता है। महिला हेल्पलाइन में शिकायत के बाद पति को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। पीड़िता का नैहर भगवानपुर थाना क्षेत्र के वनवारीपुर गांव में है।
वीरपुर थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







