भाजपा जिला मंत्री अमित देव ने बेगूसराय से निर्दलीय चुनाव लड़ने का किया ऐलान, बोले “कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए मैदान में हूं”
ब्यूरो रिपोर्ट
भाजपा में टिकट बंटवारे को लेकर मचे घमासान के बीच बेगूसराय से एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। भाजपा के जिला मंत्री अमित कुमार देव ने पार्टी से नाराज़ होकर बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ने का एलान किया है।
अमित देव भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व प्रत्याशी अनिल कुमार देव (अधिवक्ता) के पुत्र और वर्तमान में जिला परिषद सदस्य हैं।
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैंने आज एनआर (नामांकन रजिस्ट्रेशन) कटाया है और बहुत जल्द औपचारिक रूप से नामांकन करूंगा। मैं कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए मैदान में हूं। भाजपा की यह सीट जरूर है, लेकिन अब कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है।
भाजपा नेतृत्व पर गंभीर आरोप
अमित देव ने भाजपा नेतृत्व और जिला संगठन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समर्पित और पुराने कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में आज वे लोग आगे हैं जिनके पास पांच वोट भी नहीं हैं। संगठन में चार-पांच लोगों ने कब्जा कर लिया है। जिन्होंने 90 के दशक में पार्टी के लिए तन-मन-धन लुटाया, वे आज गुमनामी में जी रहे हैं।

अमित देव ने कहा कि वे स्वयं भाजपा के वर्तमान जिला मंत्री हैं, लेकिन पिछले छह महीने से उन्हें किसी बैठक या कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गई। “मुझे हर व्हाट्सएप ग्रुप से निकाल दिया गया है। प्रदेश से ज़ूम मीटिंग का फोन आया तो मैंने कहा, छह महीने से किसी ने खोजा नहीं, अब मीटिंग का क्या मतलब।
जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा पर सीधा हमला
भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा पर निशाना साधते हुए अमित देव ने कहा कि “उनके कार्यकाल में भाजपा बेगूसराय में खंड-खंड में बिखर गई है। हाल के चुनाव में वह अपना बूथ और पंचायत दोनों हार गए, फिर भी संगठन का नियंत्रण उन्हीं के हाथ में है। ऐसे तानाशाही रवैये के कारण सैकड़ों कार्यकर्ता शोषण के शिकार हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को पहले ही सूचित किया गया था कि “बेगूसराय से किसी समर्पित और पुराने कार्यकर्ता को टिकट दिया जाए, लेकिन संगठन की बात नहीं मानी गई। कार्यकर्ता सिंबल नहीं देता, लेकिन जीत दिला सकता है” अमित देव ने कहा कि वह पार्टी से बगावत नहीं कर रहे हैं, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं की आवाज़ बन रहे हैं। “कार्यकर्ता सिंबल नहीं दे सकता, लेकिन जीत दिला सकता है। मैं उन्हीं कार्यकर्ताओं के आशीर्वाद से मैदान में उतरा हूं। अंतिम क्षण तक कार्यकर्ताओं के सम्मान की लड़ाई लड़ूंगा।”

गिरिराज सिंह का इशारों में तंज
उधर, बेगूसराय से सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट डालकर अप्रत्यक्ष रूप से पार्टी के भीतर चल रहे हालात पर तंज कसा। उन्होंने लिखा “ये होता है असली स्ट्राइक रेट, 2010 के बिहार चुनाव में एनडीए ने रचा था इतिहास- जदयू ने 141 में से 115 सीटें (81%) और भाजपा ने 102 में से 91 सीटें (89%) जीती थीं। इतनी प्रचंड जीत बिहार की राजनीति में फिर नहीं दोहराई गई। तब भी धर्मेंद्र प्रधान प्रभारी थे, आज भी वही प्रभारी हैं।
गिरिराज सिंह की यह पोस्ट राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है, जिसे कई नेता पार्टी संगठन और मौजूदा रणनीति पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी मान रहे हैं।

पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार का खुला पत्र
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय कुमार ने गिरिराज सिंह की पोस्ट को साझा करते हुए लिखा कि “उस वक्त मैं बेगूसराय भाजपा का जिलाध्यक्ष और एनडीए का संयोजक था। जिले की सात सीटों में भाजपा ने चार पर चुनाव लड़ा और तीन पर विजय हासिल की थी। एनडीए सात में से छह सीटों पर जीता था। आज जब पार्टी केवल दो सीटों तक सीमित हो गई है, यह स्थिति बेहद पीड़ादायक है। संजय कुमार ने गिरिराज सिंह से आग्रह किया कि “घोषणा से पहले थोड़ा पद और कद का जोड़-लगाकर पार्टी को उसका पुराना स्वरूप वापस दिलाया जाए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अमित देव का यह फैसला भाजपा के लिए बेगूसराय विधानसभा सीट पर सीधा नुकसानदेह साबित हो सकता है। एक ओर वह भाजपा के संगठन के पुराने चेहरे हैं, वहीं स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। ऐसे में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उनका उतरना भाजपा उम्मीदवार के लिए चुनौती बन सकता है।

बेगूसराय की राजनीति में भाजपा के अंदरूनी मतभेद अब खुलकर सामने आ गए हैं। एक ओर गिरिराज सिंह और पूर्व जिलाध्यक्ष जैसे नेता टिकट बंटवारे पर असंतोष जता रहे हैं, वहीं अमित देव जैसे वरिष्ठ कार्यकर्ता अब पार्टी से अलग रास्ता चुन रहे हैं। आने वाले दिनों में यह बगावत भाजपा की चुनावी रणनीति और सीट समीकरण को प्रभावित कर सकती है।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







