बेगूसराय में चुनाव और त्योहार को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, अतिक्रमण हटाने से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक जारी सख्त कार्रवाई

SHARE:

 

चुनाव और त्योहार को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन सतर्क, अतिक्रमण हटाने से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक जारी कार्रवाई

संवाददाता : संजय कुमार 

बेगूसराय: आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आम जनों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रतिदिन एनएच-31 पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई चुनाव के दौरान ऑब्जर्वर, पोलिंग पार्टी, निर्वाचन संबंधी कोषांगों के कर्मियों, सीएपीएफ बलों और आम नागरिकों के आवागमन को सुचारू रखने के उद्देश्य से की जा रही है। शहर में जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने नगर निगम, जिला परिवहन कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, यातायात पुलिस, कमांडेंट होमगार्ड, एनएचएआई और ट्रांस रेल जैसी एजेंसियों को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।

11 अक्टूबर 2025 को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने एनएच-31 और इसके आसपास की भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने के आदेश दिए, साथ ही निर्देशों की अवहेलना करने वाले विभागों पर भा.नि.सं.सं. अधिनियम की धारा 152 (पूर्व सीआरपीसी 133) के तहत कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इस अभियान में पिछले चार दिनों से लगातार कार्रवाई चल रही है, जिसके लिए 180 होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति की गई है — इनमें 15 नगर निगम और 165 यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग से संबद्ध हैं।

त्योहार की तैयारी पर प्रशासन सख्त

आगामी दीपावली और छठ पर्व को लेकर भी जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। खाद्य निरीक्षकों को सभी प्रतिष्ठित मिठाई दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, अग्निशमन विभाग को पंडालों, अस्थायी ढाँचों और पटाखों की दुकानों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
छठ पर्व के मद्देनजर घाटों की सफाई, 27 एवं 28 अक्टूबर को नदियों में नाव परिचालन पर रोक और सीसीटीवी निगरानी के निर्देश भी जारी किए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो।

oplus_2097152
First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई