बेगूसराय से खबर : सर्वोदय नगर छठ घाट पर विधिक जागरूकता अभियान, पुलिस और पार्षद ने लिया हिस्सा

SHARE:

 

छठ घाट पर DLSA की पहल, लोगों को किया गया कानून के प्रति जागरूक। पीएलवी हरेराम दास के नेतृत्व में विधिक सेवा जागरूकता अभियान 

ब्यूरो रिपोर्ट 

बेगूसराय : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर बेगूसराय शहर के सर्वोदय नगर स्थित स्थायी छठ घाट पर सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), बेगूसराय के निर्देशानुसार एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का संचालन पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) हरेराम दास, जो एक सक्रिय पत्रकार भी हैं, के द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में नगर थाना के एसएसआई नितिन कुमार सिंह अपने पुलिस बल के साथ पहुंचे और घाट पर मौजूद लोगों को कानूनी अधिकारों और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों में कानून के प्रति विश्वास और सजगता बढ़ती है। वहीं कार्यक्रम में वार्ड नंबर 40 की वार्ड पार्षद नूतन देवी और उनके प्रतिनिधि राज कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि छठ जैसे महापर्व के अवसर पर विधिक जागरूकता चलाया जाना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।

कार्यक्रम में सदर अस्पताल की ओर से तैनात सीएचओ आर्य कुमारी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियान से आम जनता को न्याय और स्वास्थ्य दोनों के प्रति जानकारी मिलती है। स्थानीय निवासी माखन लाल ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार की यह पहल काफी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों से समाज में न्याय और अधिकार के प्रति जागरूकता फैलती है।

इस अवसर पर घाट पर पवन कुमार शर्मा के नेतृत्व में गंगाजल वितरण भी किया गया। आने-जाने वाले छठ व्रतियों ने गंगाजल का लाभ उठाया और कार्यक्रम की सराहना की। कुल मिलाकर सर्वोदय नगर छठ घाट पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था और विधिक जागरूकता का संगम बन गया, जहाँ श्रद्धा के साथ-साथ समाज में न्याय और अधिकार की भावना को भी सशक्त संदेश मिला।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई