बोगो सिंह का नीतीश कुमार पर बड़ा हमला, कहा- पलटू चाचा का इस बार जाना तय

SHARE:

 

मटिहानी में गरमाया सियासी माहौल, बोगो सिंह ने नीतीश और जदयू पर बोला हमला

जदयू उम्मीदवार राजकुमार सिंह पर भी तस्करी और शराब माफिया से गठजोड़ का आरोप- बोगो सिंह 

ब्यूरो रिपोर्ट 

बेगूसराय: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। चर्चित मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड में कानूनी लड़ाई लड़ चुकी पूर्व मंत्री मंजू वर्मा और उनके पति चंद्रशेखर वर्मा के पुत्र अभिषेक आनंद को जदयू द्वारा चेरिया बरियारपुर विधानसभा से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विवादों में घिर गए हैं।

खोदावंदपुर में आयोजित नीतीश कुमार की जनसभा के दौरान मंजू वर्मा की मंच पर मौजूदगी ने विपक्ष को नीतीश पर निशाना साधने का मौका दे दिया है।
मटिहानी के पूर्व विधायक और राजद प्रत्याशी नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “नीतीश कुमार का इस बार जाना तय है। उनके राज्य में कागज पर सुशासन है, जबकि सच्चाई यह है कि पूरे बिहार में जंगलराज कायम है।

उन्होंने आगे कहा कि “पूर्व समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा के कार्यकाल में मुजफ्फरपुर शेल्टर होम में सैकड़ों बच्चियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं हुईं। लेकिन आज वही ‘सुशासन बाबू’ उनके परिवार के वारिस को जदयू का सिंबल देकर वोट मांग रहे हैं। यही पलटू चाचा का असली चेहरा है।

बोगो सिंह ने कहा कि बिहार की जनता अब नीतीश कुमार के चरित्र को पहचान चुकी है और इस बार उन्हें सत्ता से बेदखल करेगी। गौरतलब है कि बोगो सिंह लगातार एनडीए पर हमलावर रहे हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने मटिहानी के जदयू उम्मीदवार राजकुमार सिंह पर भी शराब माफिया और तस्करों से सांठगांठ का गंभीर आरोप लगाया था।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई