बेगूसराय के मंझौल के रहने वाले हैं दूरदर्शन न्यूज़ के सीनियर पॉलिटिकल जर्नलिस्ट राजेश राज
ब्यूरो रिपोर्ट
बेगूसराय/दिल्ली: जयमंगला काबर फाउंडेशन के अध्यक्ष और दिल्ली में दूरदर्शन न्यूज़ के सीनियर पॉलिटिकल जर्नलिस्ट राजेश राज को भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है।
इस समिति के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री ललन सिंह होंगे, जबकि आगरा के सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एस.पी. सिंह बघेल को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समिति में लोकसभा सांसद प्रभु भाई बसावा और कार्तिक चंद्रपाल के साथ-साथ राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित चार अन्य सांसदों को सदस्य बनाया गया है। पत्रकार और साहित्यकार वर्ग से दूरदर्शन न्यूज़, दिल्ली के सीनियर पत्रकार राजेश राज, प्रसिद्ध साहित्यकार हरिओम शर्मा, राजेंद्र मिलन और श्रुति सिन्हा के नाम शामिल हैं। सरकारी सदस्यों में मंत्रालय के सचिव, अपर सचिव, वित्तीय सलाहकार, पशुपालन आयुक्त और संयुक्त सचिव को भी शामिल किया गया है।
समिति की भूमिका
यह हिंदी सलाहकार समिति, गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई है। यह समिति मंत्रालय के कामकाज में हिंदी के उपयोग और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर सुझाव देती है।
राजेश राज ने जताया आभार
हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किए जाने पर राजेश राज ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बेगूसराय और बिहार दोनों के लिए गौरव का क्षण है।
राजेश राज ने अपनी सफलता अपने दिवंगत बाबा और पिता को समर्पित करते हुए कहा कि “यह सम्मान हमारे जिले की मिट्टी की महक और दिनकर की धरती के लिए है।”
बेगूसराय से दिल्ली तक का सफर
बेगूसराय जिले के मंझौल निवासी राजेश राज के दादाजी डॉ. मेघन गोप उत्तर बिहार के प्रमुख समाजवादी नेता रहे हैं।
राजेश राज दिल्ली में दूरदर्शन न्यूज़ के लिए संसद की रिपोर्टिंग करते हैं और उन्हें बिहार विशेषज्ञ पत्रकार के रूप में जाना जाता है। उन्होंने अब तक सात विधानसभा चुनावों की रिपोर्टिंग की है।
सांस्कृतिक पहल का नेतृत्व
सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय राजेश राज ने वर्ष 2017 में “जयमंगला महोत्सव” की शुरुआत मंझौल में की थी, जो आज बिहार का प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन बन चुका है।
इस आयोजन में तत्कालीन राष्ट्रपति (और उस समय बिहार के राज्यपाल) रामनाथ कोविंद मुख्य अतिथि थे, जबकि पद्म विभूषण डॉ. शारदा सिन्हा ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का दिल जीत लिया था।
राजेश राज के प्रयासों से बेगूसराय को राष्ट्रीय फलक पर सांस्कृतिक पहचान मिली है।

Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







