बेगूसराय में पत्रकार वार्ता के जरिए हुआ औपचारिक ऐलान
बेगूसराय। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया विभाग द्वारा ‘टैलेंट हंट – बिहार की आवाज़’ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस भवन, बेगूसराय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस सोशल मीडिया के जिलाध्यक्ष कुशमेश कुमार शांडिल्य ने कहा कि बिहार प्रजातांत्रिक मूल्यों की वह ऐतिहासिक भूमि है, जहाँ लोकतांत्रिक चेतना की जड़ें अत्यंत गहराई तक फैली हुई हैं। यही चेतना आज एक वटवृक्ष का रूप ले चुकी है, जिसके साए में सामाजिक न्याय के अग्रदूत राहुल गांधी लोकतंत्र की पुनर्स्थापना की मुहिम को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है कि जब-जब बिहार से किसी जनक्रांति का सूत्रपात हुआ है, उसने देश को न्यायपूर्ण और निर्णायक दिशा दी है। आज जब देश एक अप्रजातांत्रिक, अन्यायी और अहंकारी एनडीए सरकार की नीतियों से जूझ रहा है, तब कांग्रेस पार्टी यह मानती है कि बिहार की जागरूक और प्रखर आवाज़ें लोकतंत्र की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। इसी उद्देश्य से ‘बिहार की आवाज़’ टैलेंट हंट की शुरुआत की गई है।
इस मौके पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य कुमार रत्नेश टुल्लू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “कांग्रेस के साथ आइए — बिहार की आवाज़ उठाइए।” उन्होंने बताया कि यह नेशनल टैलेंट हंट भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया विभाग की एक अभिनव और राष्ट्रव्यापी पहल है, जिसका उद्देश्य पार्टी की संचार क्षमता को सशक्त बनाना है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस टैलेंट हंट के माध्यम से ज़मीनी स्तर से प्रतिभाशाली और प्रतिबद्ध लोगों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जन-मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सकें। इसके अंतर्गत तीन प्रमुख श्रेणियों में प्रतिभाओं का चयन किया जाएगा।

मीडिया प्रवक्ता/पैनलिस्ट, रिसर्च कोऑर्डिनेटर और पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर
कुमार रत्नेश टुल्लू ने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, समावेशी और योग्यता-आधारित होगी, जिसमें किसी भी प्रकार का राजनीतिक दबाव या पक्षपात नहीं होगा। समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों के लोगों को समान अवसर प्रदान किया जाएगा।
लीगल सेल के जिलाध्यक्ष संजय सम्राट ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा और नए, प्रोफेशनल तथा ऊर्जावान लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
वहीं विचार विभाग के जिलाध्यक्ष रामपदारथ यादव ने बताया कि यह टैलेंट हंट बिहार को चार हिस्सों में विभाजित कर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद जोनल स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को पटना स्थित प्रदेश मुख्यालय में अंतिम चयन प्रक्रिया में भाग लेना होगा।
पत्रकार वार्ता में पूर्व जिला महासचिव सावर कुमार, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राम स्वरूप पासवान, राघव कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







