लटकते तारों से हादसे का खतरा, नल-जल योजना पूरी तरह फेल
रिपोर्ट: संजय कुमार
बेगूसराय जिला के नगर निगम क्षेत्र संख्या–16 अंतर्गत पिपरा सरस्वती नगर के वार्डवासियों ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 15 वर्षों से सड़क आधी-अधूरी पड़ी है, जिसका आज तक निर्माण पूरा नहीं हो सका। बरसात के दिनों में हालात इतने बदतर हो जाते हैं कि लोगों को जूता हाथ में लेकर घर से निकलना पड़ता है, कीचड़ और जलजमाव ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।
वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की घोर लापरवाही भी सामने आई है। मोहल्ले में जगह-जगह ढीले और लटके हुए बिजली के तार जानलेवा साबित हो सकते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन तारों से अक्सर चिंगारियां निकलती रहती हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग आंख मूंदे बैठा है।
इसके अलावा सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना भी पूरी तरह फेल साबित हो रही है। लोगों का कहना है कि मोहल्ले में नल तो लगाए गए हैं, लेकिन नल से जल गायब है। पेयजल संकट के कारण महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

आक्रोशित वार्डवासियों ने मेयर, विधायक और सांसद को अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे मजबूरन हाई कोर्ट में रीट याचिका दायर करेंगे। लोगों का साफ कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए।
स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण, बिजली व्यवस्था की मरम्मत और नल-जल योजना को तुरंत दुरुस्त किया जाए, ताकि वर्षों से उपेक्षित इस इलाके के लोगों को राहत मिल सके।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







