बेगूसराय हत्याकांड : खेत में घास काटते समय गोली मारी, संपत्ति विवाद में पहली पत्नी पर साजिश का आरोप

SHARE:

 

खेत में चारा काट रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने संपत्ति विवाद में साजिश का लगाया आरोप

संजय कुमार की रिपोर्ट 

बिहार | बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथमा गांव के पास बुधवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब खेत में चारा काट रहे एक व्यक्ति की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
मृतक की पहचान कैथमा निवासी स्वर्गीय रामगुलाम सिंह के पुत्र भुषण सिंह (उम्र करीब 46 वर्ष) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुषण सिंह खेत में घास काट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिवत पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।

परिजनों ने संपत्ति विवाद में साजिश का लगाया आरोप
मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे संपत्ति विवाद को कारण बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि भुषण सिंह की पहली पत्नी ने ही संपत्ति हड़पने की नीयत से हत्या की साजिश रची है। आरोप है कि पहली पत्नी पहले ही भुषण सिंह को छोड़कर उसके छोटे भाई (देवर) से विवाह कर चुकी थी।
परिजनों के अनुसार, भुषण सिंह की कोई संतान नहीं थी, इसी वजह से उनकी संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या कराए जाने की आशंका जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि सितंबर 2024 में भुषण सिंह के छोटे भाई की भी गोली मारकर हत्या हो चुकी है, जिससे यह मामला और भी संदेह के घेरे में आ गया है।

पुलिस : सभी पहलुओं पर हो रही जांच
पुलिस अधीक्षक मनीष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोली मारकर हत्या की गई है। प्रथम दृष्टया मामले में आपसी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और सभी तथ्यों व आरोपों को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा भी किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है, वहीं घटना के बाद से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई