खुलेआम हथियार लहराते युवक, मारपीट का वीडियो वायरल
संजय कुमार की रिपोर्ट
बिहार: बेगूसराय जिले से एक सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो पक्षों के बीच मारपीट के दौरान खुलेआम हथियार लहराते हुए युवक दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वायरल वीडियो फुलवरिया थाना क्षेत्र के शोकहरा गांव स्थित उच्चा टोला दुर्गा मंदिर के आसपास का है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती है, जो देखते ही देखते हाथापाई में तब्दील हो जाती है। इसी दौरान एक युवक हाथ में हथियार लेकर लोगों को डराता हुआ और एक महिला को जान से मारने की धमकी देता नजर आता है। घटनास्थल पर दर्जनों लोग मौजूद हैं—कुछ लोग बीच-बचाव करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कई लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड करते नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान थप्पड़, लात-घूंसे भी चलते हुए साफ देखे जा सकते हैं।
इतनी भीड़ मौजूद होने के बावजूद बदमाशों का हौसला इस कदर बुलंद नजर आया कि एक युवक खुलेआम हाथ में पिस्टल लेकर महिला को धमकाता दिख रहा है। वायरल वीडियो के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर हथियार लहराने वाला युवक कौन है और कहां का रहने वाला है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए फुलवरिया थाना पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। पुलिस द्वारा वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो कब का है तथा विवाद की असल वजह क्या थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पुष्टि की है कि वीडियो शोकहरा गांव के उच्चा टोला दुर्गा मंदिर के आसपास का ही है।
फुलवरिया थाना अध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक विजय साहनी ने बताया कि 09 फरवरी 2026 की शाम लगभग 5:05 बजे उन्हें गुप्त माध्यम से यह वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें कुछ लोग आपस में मारपीट करते नजर आ रहे थे। वीडियो में एक व्यक्ति के हाथ में पिस्टल भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह घटना करीब एक महीने पुरानी है। ग्रामीणों के अनुसार, 10 जनवरी 2026 को गणेश राय के घर के पास बच्चों के आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी, जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई। इसी दौरान पंकज सिंह उर्फ शिवा द्वारा पिस्टल निकालकर लोगों को डराने और दहशत फैलाने का प्रयास किया गया था।
ग्रामीणों की मदद से उस समय दोनों पक्षों को काफी मशक्कत के बाद शांत कराया गया था, लेकिन घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। वायरल वीडियो को पुलिस ने पेनड्राइव में सुरक्षित कर साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि हथियार के साथ एकत्र होकर मारपीट करना और सार्वजनिक स्थान पर दहशत फैलाना एक संज्ञेय अपराध है। इस मामले में पांच लोग सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि जिस पिस्टल का इस्तेमाल किया गया, वह लाइसेंसी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि लाइसेंसी हथियार का दुरुपयोग किन परिस्थितियों में किया गया और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
फुलवरिया थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







