संजय कुमार की रिपोर्ट
बेगूसराय जिले से दहेज उत्पीड़न का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम विवाह करने वाली एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के बाबूराही गांव की है। मृतका की पहचान अमृता कुमारी के रूप में की गई है, जो बाबूराही गांव निवासी सचिन कुमार की पत्नी थी। बताया जा रहा है कि अमृता ने जून 2025 में सचिन कुमार से प्रेम विवाह किया था।
मृतका के पिता भीम कुमार यादव के अनुसार, विवाह के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष द्वारा 5 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी गई। दहेज को लेकर अमृता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि दबाव में आकर उन्होंने ढाई लाख रुपये ससुराल पक्ष को दिए, लेकिन इसके बावजूद दहेज की मांग खत्म नहीं हुई।
आरोप है कि शेष दहेज की रकम नहीं मिलने से नाराज ससुराल पक्ष ने अमृता की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद से ही ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही साहेबपुर कमाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बेगूसराय सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष की ओर से थाना में दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित आवेदन दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







