माँ शीतला महोत्सव 2026: बीहट में 27 से 30 मार्च तक चार दिवसीय भव्य आयोजन

SHARE:

अल्ताफ राजा व इशरत जहां की प्रस्तुति होगी मुख्य आकर्षण, बिहार सरकार ने 3 लाख रुपये की दी स्वीकृति

संजय कुमार की रिपोर्ट 

बेगूसराय। जिले के बीहट स्थित ऐतिहासिक माँ शीतला धाम में 27 मार्च से 30 मार्च तक चार दिवसीय भव्य शीतला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला इस महोत्सव का विशेष आकर्षण होगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में व्यापक उत्साह का माहौल है।

महोत्सव के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, महाआरती, भजन-कीर्तन एवं प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक अल्ताफ राजा एवं चर्चित कलाकार इशरत जहां सहित कई लोकप्रिय एवं वायरल कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजन समिति के अनुसार अल्ताफ राजा का कार्यक्रम महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहेगा।

प्रेस वार्ता के दौरान महोत्सव समिति के अध्यक्ष महंत महेश दास ने बताया कि चार दिवसीय कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समावेश महोत्सव को विशेष बनाएगा।

इस अवसर पर संस्थापक सह अध्यक्ष महंत महेश दास, महासचिव अभिषेक कुमार राय, कोषाध्यक्ष हर्ष राज तथा सदस्य संजय गौतम एवं निशांत कुमार उपस्थित रहे।

महोत्सव में बिहार सरकार के कई मंत्री एवं गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से सपरिवार शामिल होकर माँ शीतला का आशीर्वाद लेने की अपील की है। सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।

गौरतलब है कि बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट मद ‘कला एवं संस्कृति संवर्द्धन’ के अंतर्गत इस महोत्सव के लिए 3 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह राशि बेगूसराय के जिला पदाधिकारी द्वारा जिला कोषागार से निर्गत की जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि महोत्सव का संपूर्ण व्यय बिहार वित्त नियमावली 2024, बिहार खरीद अधिनियम/नीति तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा। स्वीकृत राशि की सीमा के भीतर ही कार्यक्रम आयोजित करना अनिवार्य होगा। आयोजन के उपरांत व्यय विवरणी, वीडियो, फोटोग्राफ एवं कार्यान्वयन प्रतिवेदन एक माह के भीतर विभाग को उपलब्ध कराना होगा।

सरकार के इस निर्णय से स्थानीय स्तर पर सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। बीहट एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं और नागरिकों के बीच महोत्सव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई