बेगूसराय में भीषण सड़क हादसा: ठेकेदार की मौके पर मौत, एक युवक गंभीर घायल

SHARE:

 

हेलमेट नहीं पहनने से गई जान, एसएच-55 पर कारीचक के पास हुआ हादसा

कन्हैया कुमार कि रिपोर्ट 

बेगूसराय। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण भीषण सड़क हादसा सामने आया है। वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कारीचक के पास एसएच-55 पर रविवार की देर शाम हुई दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान सहुरी वार्ड संख्या-5 निवासी विरंची पासवान के 35 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार पासवान के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि रंजन कुमार पेशे से ठेकेदारी का काम करते थे।

मिली जानकारी के अनुसार रंजन कुमार पासवान अपने ग्रामीण नेपो चौधरी के पुत्र गौरव कुमार चौधरी के साथ बाइक से सहुरी से लड़वाड़ा नाश्ता करने जा रहे थे। इसी दौरान कारीचक स्थित लतराही समीप एसएच-55 पर बेगूसराय की ओर से आ रही एक बाइक को बचाने के क्रम में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
हादसे में बाइक चला रहे रंजन कुमार सड़क पर गिर पड़े, जबकि पीछे बैठे गौरव कुमार गड्ढे में जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने रंजन कुमार पासवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं गौरव कुमार चौधरी का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हेलमेट नहीं पहनने से गई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। आशंका जताई जा रही है कि यदि उन्होंने हेलमेट पहना होता तो शायद उनकी जान बच सकती थी। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की अहमियत को उजागर करता है।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
इधर, वीरपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई