बेगूसराय में होमगार्ड अभ्यर्थियों के समर्थन में उतरे पप्पू यादव, सरकार और गिरिराज सिंह पर साधा निशाना
युवाओं को मरने पर क्यों मजबूर कर रही सरकार?” बेगूसराय में गरजे पप्पू यादव
संजय कुमार कि रिपोर्ट
बेगूसराय। कांग्रेस नेता सह पूर्णिया सांसद पप्पू यादव सोमवार को बेगूसराय पहुंचे, जहां वे बीते पांच दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे गृह रक्षक (होमगार्ड) अभ्यर्थियों से मिले। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार से वार्ता कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
पप्पू यादव ने कहा कि यदि पूरी चयन प्रक्रिया विधिवत संपन्न हुई है तो अभ्यर्थियों को शीघ्र ज्वाइन कराया जाना चाहिए। यदि किसी स्तर पर घोटाला हुआ है तो उसकी जांच कर दोषियों को अलग किया जाए, लेकिन बाकी अभ्यर्थियों के साथ न्याय हो। उन्होंने कहा, “एक-दो या पांच लोगों की गलती हो सकती है, लेकिन हजारों युवाओं को सजा क्यों दी जा रही है? इन्हें मरने पर मजबूर क्यों किया जा रहा है?”
उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से बातचीत की है, जिन्होंने सकारात्मक रुख दिखाया है। पप्पू यादव ने कहा कि वे अपर मुख्य सचिव और मुख्य सचिव से भी बात करेंगे और अभ्यर्थियों के न्याय के लिए लड़ाई लड़ेंगे।
सरकार पर गंभीर आरोप
इस दौरान पप्पू यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में “घोटाले और इंस्पेक्टर राज” का माहौल है। “सीएजी की रिपोर्ट आ चुकी है, सरकार घोटालों में संलिप्त है। एक तरफ गुंडाराज है, दूसरी तरफ इंस्पेक्टर राज। आम आदमी की जिंदगी क्लेशमय हो गई है, बेटियां सुरक्षित नहीं हैं,” उन्होंने आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि यदि किसी के खिलाफ फाइल और सबूत हैं तो कार्रवाई की जाए और संपत्ति जब्त की जाए। “सत्ता और विपक्ष दोनों की फाइल होगी तो दोनों की जांच होनी चाहिए। गरीबों की लूट बंद होनी चाहिए,” उन्होंने कहा।
गिरिराज सिंह पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह द्वारा जनवरी 2026 के अंत तक होमगार्ड अभ्यर्थियों को ज्वाइन कराने के आश्वासन पर सवाल उठाते हुए पप्पू यादव ने कहा कि उनकी बातों का अब तक कोई असर नहीं दिखा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “अगर वे केंद्रीय मंत्री और सांसद हैं, तो उनकी बात कौन सुनता है? क्या एक सिपाही भी उनकी बात सुनता है?”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दे तो हैं, लेकिन बेरोजगारों और गरीबों की समस्याएं प्राथमिकता में नहीं हैं।

NEET छात्रा हत्याकांड पर भी बोले
NEET छात्रा हत्याकांड मामले में पूछे गए सवाल पर पप्पू यादव ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गवाहों को आठ-आठ घंटे बैठाकर परेशान किया जा रहा है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने गवाहों को सुरक्षा देने की बात कही है।
उन्होंने यह भी कहा कि अब तक मामले में न तो पोक्सो एक्ट लगाया गया है, न एसआईटी गठित की गई है और न ही सीबीआई जांच कराई गई है। पप्पू यादव ने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
फिलहाल होमगार्ड अभ्यर्थियों की हड़ताल जारी है और प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







