पुण्यतिथि पर सेवा की मिसाल: उपेंद्र सिंह की स्मृति में सदर अस्पताल के बाहर सैकड़ों जरूरतमंदों को कराया भोजन

SHARE:

 “उपेंद्र बाबू की पुण्यतिथि” सैकड़ों जरूरतमंदों को कराया गया भोजन

कन्हैया कुमार की रिपोर्ट 

बेगूसराय: बेगूसराय शहर में शुक्रवार को आयोजित एक पुण्यतिथि कार्यक्रम सामाजिक सरोकार की अनोखी मिसाल बन गया। कांग्रेस पार्टी के जिला प्रवक्ता रणजीत कुमार मुखिया ने अपने पिता, स्मृति शेष उपेंद्र सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्व. उपेंद्र सिंह शिक्षक, नाट्य निर्देशक तथा पेंशनर समाज बेगूसराय के संस्थापक सदस्य और संगठन सचिव रह चुके थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में सैकड़ों सेवानिवृत्त शिक्षकों और उनकी विधवाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, बैंकों से संबंधित प्रक्रियाओं में मदद करने तथा पारिवारिक पेंशन की मांग को सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

कांग्रेस नेता रणजीत कुमार मुखिया ने बताया कि वे हर वर्ष अपने पिता की पुण्यतिथि अलग-अलग सामाजिक संस्थानों में मनाते रहे हैं। कभी कांग्रेस भवन, कभी गांधी आश्रम तो कभी पेंशनर समाज के कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष उन्होंने इसे और अधिक सेवा भाव से जोड़ते हुए रोटी बैंक के बैनर तले कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सदर अस्पताल के रोगी वार्ड में कूपन वितरण से हुई, जहां मरीजों के परिजनों को भोजन के लिए आमंत्रित किया गया और वितरण स्थल की जानकारी दी गई। इसके बाद अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने रोटी, सब्जी, जलेबी, पत्तल, गिलास और पानी की व्यवस्था कर सैकड़ों जरूरतमंदों को भोजन कराया गया।

रोटी बैंक सहयोग समिति के संयोजक पवन शर्मा के नेतृत्व में पूरे कार्यक्रम का संचालन हुआ। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो लोग समाज के लिए जीते हैं, उन्हें समाज कभी नहीं भूलता। स्व. उपेंद्र बाबू बेहद परोपकारी व्यक्ति थे, जिन्होंने अपने लिए नहीं बल्कि हमेशा सेवानिवृत्त शिक्षकों और समाज की सेवा के लिए काम किया।
इस अवसर पर मरीजों के परिजनों और जरूरतमंद लोगों ने सादगी भरे इस भोजन कार्यक्रम की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई