“नीतीश ही तय करेंगे अगला मुख्यमंत्री: गिरिराज सिंह, राबड़ी देवी पर कसा तंज”
संजय कुमार की रिपोर्ट
बेगूसराय: बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर चल रही सियासी चर्चाओं के बीच केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने बड़ा बयान दिया है। बेगूसराय में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री को लेकर जो भी फैसला होगा, वह पूरी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छा पर निर्भर करेगा।
गिरिराज सिंह ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री का चयन भी वही करेंगे और सरकार भी उनके ही सानिध्य में चलेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही बिहार सरकार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार में अगले मुख्यमंत्री को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, वह सिर्फ राजनीतिक अटकलें हैं। वास्तविकता यह है कि नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री हैं और उनके नेतृत्व में ही सरकार आगे भी काम करती रहेगी।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गिरिराज सिंह ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कल तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को गाली दे रहे थे, उन्हें पागल और बीमार बता रहे थे, वही लोग आज मगरमच्छ के आंसू बहा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार आज भी बिहार के मुख्यमंत्री हैं और उन्हें राबड़ी देवी की संवेदना की कोई जरूरत नहीं है। गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन जनता सब कुछ देख रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में आगामी चुनाव और बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच नेताओं के बयान लगातार सियासी माहौल को गर्म कर रहे हैं। ऐसे में गिरिराज सिंह का यह बयान भी राज्य की राजनीति में नई चर्चा को जन्म दे रहा है।

Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







