ताबड़तोड़ फायरिंग, जमीन कारोबारी की मौत। SP खुद पहुंचे घटनास्थल
संजय कुमार की रिपोर्ट
बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदा स्थित 49 नंबर ढाला के पास की बताई जा रही है। मृतक की पहचान डंडारी थाना क्षेत्र के मेहा गांव निवासी गिरजानंद चौधरी के 52 वर्षीय पुत्र वरुण सिंह के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वरुण सिंह जमीन का कारोबार करते थे।
मिली जानकारी के अनुसार वरुण सिंह अपने कुछ साथियों के साथ किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में वरुण सिंह को कई गोलियां लग गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और साथियों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेगूसराय सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी मनीष स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का मुआयना किया। वहीं सदर डीएसपी आनंद कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की गहन जांच में जुट गई है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। साथ ही संभावित ठिकानों पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी भी की जा रही है।
इस मामले में एसपी मनीष ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा और इसमें शामिल बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







