कॉलेज-विश्वविद्यालयों में जातीय भेदभाव खत्म करने की मांग, 18 मार्च को पटना के गांधी मैदान में होगा “समता महाजुटान”

SHARE:

बेगूसराय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते समता आंदोलन के नेता व सामाजिक कार्यकर्ता

संजय कुमार की रिपोर्ट

बेगूसराय। कॉलेज और विश्वविद्यालय परिसरों में बढ़ रहे जातीय भेदभाव को समाप्त करने और उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बुधवार को भाकपा माले कर्यालय बेगूसराय में सामाजिक संगठनों की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता का नेतृत्व समता आंदोलन के नेता रिंकू यादव ने किया, जिसमें कई सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

प्रेस वार्ता के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश के कई कॉलेज और विश्वविद्यालयों में आज भी जाति के आधार पर भेदभाव और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आती रहती हैं। ऐसे माहौल में छात्रों के लिए सुरक्षित और समान अवसरों वाला शैक्षणिक वातावरण बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में पढ़ने वाले सभी छात्रों को बिना किसी भेदभाव के शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है, लेकिन कई जगहों पर यह व्यवस्था कमजोर नजर आती है।

वक्ताओं ने बताया कि यूजीसी रेगुलेशन के समर्थन और सामाजिक न्याय की मांग को लेकर 18 मार्च 2026 को पटना के गांधी मैदान में समता आंदोलन समिति के बैनर तले “समता महाजुटान और मार्च” का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यभर से बड़ी संख्या में छात्र-युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों में सभी छात्रों के लिए समान, सुरक्षित और भेदभाव-मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाना बेहद जरूरी है। कई जगहों पर जातीय भेदभाव और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिसे रोकने के लिए सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को सख्त और प्रभावी कदम उठाने होंगे।

वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय और समान शिक्षा के अधिकार को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाने और जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ही इस महाजुटान और मार्च का आयोजन किया जा रहा है।
सामाजिक संगठनों ने छात्रों, युवाओं और आम लोगों से अपील की कि वे 18 मार्च को पटना पहुंचकर इस महाजुटान में भाग लें और सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूत करें।

प्रेस वार्ता में बहुजन एक्टिविस्ट विजय पासवान, समता आंदोलन समिति के प्रदेश संयोजक रिंकू यादव, आइसा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता, नंदकुमार साह (बीएमपी), सोनू फर्नाज, फुलेना पासवान, नूरपुर के मुखिया राजेश चौधरी, प्रभात कुमार पिंटू, अजय सिंह पटेल, ऋतिक कुमार, विजय कुशवाहा, एसएफआई नेता मो. मज़हर, मो. सैफ सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन के प्रतिनिधि मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में उच्च शिक्षा संस्थानों में भेदभाव खत्म करने और समान अवसर सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई