समृद्धि यात्रा: कल बेगूसराय आएंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 273 करोड़ की 400 योजनाओं की देंगे सौगात

SHARE:

बियाडा परिसर में होगा जनसंवाद कार्यक्रम, मेडिकल कॉलेज का भी करेंगे निरीक्षण

संवाददाता: संजय कुमार की रिपोर्ट 

बेगूसराय। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत शनिवार को बेगूसराय पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 11:50 बजे बरौनी प्रखंड के असुरारी स्थित बियाडा परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेंगे। यहां से वे सीधे बेगूसराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण करेंगे और उसके बाद कार्यक्रम स्थल बियाडा परिसर पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए जनसंवाद मंच को फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जिले को लगभग 273.79 करोड़ रुपये की 400 योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 108.86 करोड़ रुपये की लागत से 189 योजनाओं का शिलान्यास तथा 164.93 करोड़ रुपये की लागत से 211 योजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा।

सुरेंद्र मेहता : डेयरी,मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री, बिहार सरकार सह विधायक, बछवाड़ा- बेगूसराय

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जीविका दीदी सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए 31 स्टॉलों का निरीक्षण भी करेंगे। इसके बाद वे जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और आम जनता के साथ सीधा जनसंवाद भी करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दूसरे जिलों से चार कंपनियां पुलिस बल की मंगाई गई हैं। इसके अलावा डीआईजी, एसपी, डीएसपी समेत 500 से अधिक पुलिसकर्मी कार्यक्रम स्थल पर तैनात रहेंगे।

मुख्यमंत्री के साथ इस कार्यक्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जिले के प्रभारी मंत्री, स्थानीय विधायक, विधान पार्षद तथा एनडीए के कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:50 बजे हेलीकॉप्टर से बरबीघा (शेखपुरा जिला) के लिए प्रस्थान करेंगे। इस तरह समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का बेगूसराय दौरा करीब दो घंटे का रहेगा।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई