CM नीतीश के आने से पहले हेलीपैड पर घुसा बैल, सुरक्षाकर्मियों में मची अफरातफरी; वीडियो वायरल

SHARE:

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले हेलीपैड पर पहुंचा बैल, वायरल वीडियो में जवानों को दौड़ाता दिखा..

संवाददाता: संजय कुमार की रिपोर्ट

बिहार के बेगूसराय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दौरे से ठीक पहले उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब हेलीपैड परिसर में अचानक एक बैल घुस आया। बैरिकेडिंग तोड़कर पहुंचे बैल को देखकर मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मी घबरा गए और उसे हटाने के लिए दौड़ पड़े। इस दौरान कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी महत्वाकांक्षी ‘समृद्धि यात्रा’ के तहत बेगूसराय के बरौनी स्थित बियाडा (BIADA) कैंपस पहुंचने वाले थे। उनके हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए बनाए गए हेलीपैड और आसपास के इलाके में जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पूरे क्षेत्र को चारों तरफ से बैरिकेडिंग लगाकर सील किया गया था।

इसी बीच अचानक एक बैल बैरिकेडिंग तोड़ते हुए सीधे हेलीपैड परिसर में पहुंच गया। बैल को देखकर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी लाठी-डंडों के सहारे उसे भगाने की कोशिश करने लगे, लेकिन बैल उनकी ओर ही दौड़ पड़ा। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बैल को देखते ही कई जवान इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान तीन जवान किसी तरह बचकर निकल गए, जबकि एक जवान के पीछे बैल दौड़ता नजर आया।

घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए सुरक्षाकर्मी भी असहज नजर आए। बाद में काफी मशक्कत के बाद बैल को हेलीपैड परिसर से बाहर भगाया गया।

इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच बैल हेलीपैड परिसर तक कैसे पहुंच गया। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह से पुख्ता किए गए हैं।

Viral Video: बेगूसराय में हेलीपैड पर दौड़ा बैल, सुरक्षाकर्मी भागते दिखे

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई