डिजिटल शिक्षा की ओर बड़ा कदम: नयागांव स्कूल में कंप्यूटर लैब का उद्घाटन – पढ़ेगा नयागांव, बढ़ेगा नयागांव: कंप्यूटर लैब से बदलेगी बच्चों की तकदीर
ब्यूरो रिपोर्ट
बेगूसराय, मटिहानी: जिले के मटिहानी प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, नयागांव सिंघपुर में सोमवार को दीक्षांत-सह-कंप्यूटर लैब उद्घाटन समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना एवं उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय में कंप्यूटर लैब का उद्घाटन किया गया तथा शैक्षणिक सत्र के सफल समापन पर दीक्षांत समारोह भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. पंकज कुमार सिंह (सचिव, आईएमए एवं अध्यक्ष, केडीएस फाउंडेशन, हेमरा, बेगूसराय) एवं उनकी माता जी के सहयोग से विद्यालय को पांच कंप्यूटर प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उन्हें डिजिटल युग के अनुरूप सक्षम बनाना है।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों में पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह, डॉ. अर्जुन पासवान (व्याख्याता, डीआईईटी शाहपुर), डॉ. गौतम कुमार (उप प्राचार्य, पीटीईसी विष्णुपुर) एवं उमा रंजन जी सहित कई शिक्षाविद् एवं समाजसेवी शामिल रहे। सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक कदम बताया।
अपने संबोधन में डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह पूंजी है जो कभी समाप्त नहीं होती। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि चाहे कितनी भी कठिनाइयाँ क्यों न हों, बच्चों की शिक्षा कभी नहीं रुकनी चाहिए। उन्होंने शिक्षा की तुलना एलआईसी के प्रीमियम से करते हुए कहा कि आज किया गया निवेश भविष्य में कई गुना होकर वापस मिलता है।

डॉ. पंकज ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं, लेकिन उनके परिजनों ने शिक्षा को प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम है कि आज वे समाज की सेवा करने के योग्य बन सके हैं। उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, खेल-कूद में भाग लें और अपने माता-पिता एवं समाज का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय राम सरोवर सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके योगदान को याद करते हुए डॉ. पंकज भावुक हो उठे और कहा कि उनकी प्रेरणा से ही यह कार्य संभव हो सका।
दीक्षांत समारोह के अवसर पर कक्षा 1 से 8 तक के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार सहित सभी शिक्षकों—जयमाला कुमारी, संयोगिता कुमारी, रोशनी कुमारी, अमीषा कुमारी, कांता कुमारी, नेहा कुमारी, पूनम कुमारी एवं बिंदा कुमारी—का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में यह समारोह न केवल विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, बल्कि पूरे क्षेत्र में शिक्षा एवं डिजिटल जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।


Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”






