बेगूसराय में गृह रक्षक बहाली को लेकर बड़ी तैयारी, 04 अप्रैल से शुरू होगी PET परीक्षा
संवाददाता: कन्हैया कुमार की रिपोर्ट
बेगूसराय: जिले में गृह रक्षक (होमगार्ड) के 422 रिक्त पदों पर नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देशन में कंकौल स्थित आर्ट गैलरी प्रेक्षा गृह में पदाधिकारियों एवं दंडाधिकारियों की अहम ब्रीफिंग आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा, अभ्यर्थियों के प्रवेश-निकास और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और तकनीकी निगरानी में संपन्न कराई जाएगी।
बताया गया कि गृह रक्षकों के 422 पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) 04 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 06 मई 2026 तक चलेगी। परीक्षा का आयोजन बीएसएपी-19 मैदान, बरौनी में किया जाएगा, जिसमें कुल 25,010 अभ्यर्थी शामिल होंगे। भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए प्रतिदिन चार बैचों में परीक्षा आयोजित की जाएगी।
परीक्षा को पूरी तरह डिजिटल सिस्टम से संचालित किया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य होगा, वहीं प्रवेश द्वार पर बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा। निर्धारित समय सीमा के भीतर दौड़, ऊंचाई, सीना माप सहित अन्य शारीरिक मानकों का परीक्षण किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और अनुशासित माहौल में संपन्न हो। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के बिचौलियों से सतर्क रहें और केवल आधिकारिक निर्देशों का ही पालन करें।

Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”






