ईशा फाउंडेशन के साथ समझौता, सिमरिया घाट पर बनेगा आधुनिक शवदाह गृह
संवाददाता: संजय कुमार की रिपोर्ट
1.5 एकड़ भूमि पर बनेगी अत्याधुनिक सुविधा, पर्यावरण संरक्षण के साथ सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था
बेगूसराय: जिले में अंतिम संस्कार व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। सिमरिया गंगा घाट पर गैस आधारित आधुनिक शवदाह गृह का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को लेकर नगर परिषद बीहट एवं ईशा फाउंडेशन के बीच एकरारनामा (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
इस अवसर पर ईशा फाउंडेशन के प्रतिनिधि द्वारा प्रस्तावित शवदाह गृह की रूपरेखा का संक्षिप्त प्रस्तुतीकरण भी दिया गया, जिसमें आधुनिक तकनीक और सुविधाओं की जानकारी साझा की गई।

जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने बताया कि इस परियोजना के लिए सिमरिया क्षेत्र में लगभग 1.5 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक शवदाह गृह धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को अधिक सरल, स्वच्छ और सम्मानजनक बनाएगा।
डीएम ने यह भी बताया कि गैस आधारित तकनीक से संचालित यह शवदाह गृह कम समय में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने में सक्षम होगा। इससे गंगा घाट क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहेगी और प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। साथ ही लकड़ी की खपत कम होने से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
परियोजना के तहत शवदाह गृह के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। इसमें प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को बेहतर व्यवस्था मिल सके।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है, ताकि इस आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल परियोजना का निर्माण जल्द शुरू हो सके।
जिला प्रशासन का उद्देश्य पारंपरिक आस्था और आधुनिक तकनीक के समन्वय के साथ नागरिकों को सम्मानजनक और बेहतर अंतिम संस्कार सुविधा उपलब्ध कराना है। उल्लेखनीय है कि देश के कई राज्यों में पहले से ही इस तरह के गैस आधारित शवदाह गृह सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं। इस संबंध में जानकारी जिला जन-संपर्क पदाधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई है।
परंपरा के साथ तकनीक का संगम: सिमरिया घाट पर अब आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल अंतिम संस्कार की सुविधा”

Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”






