विश्व पर्यावरण दिवस पर बेगूसराय में हरित चेतना का संदेश : न्यायपालिका, प्रशासन, शिक्षण संस्थान और समाजसेवियों ने किया पौधारोपण
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने वृक्षारोपण को बताया जलवायु परिवर्तन से निपटने का प्रभावी उपाय
डीएलएसए सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी आवश्यक
ब्यूरो रिपोर्ट
बेगूसराय, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर व्यापक पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से न्यायपालिका ने समाज को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित पार्क में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव एवं अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य द्वारा पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों एवं स्कूली बच्चों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पृथ्वी पर जीवन की निरंतरता के लिए इनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर न केवल पर्यावरण को शुद्ध करेंगे बल्कि लोगों को छाया, शीतलता और स्वच्छ वायु भी प्रदान करेंगे। उन्होंने न्यायालय परिसर को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील करते हुए अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों, अधिवक्ता लिपिकों एवं वादकारियों से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का आग्रह किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण के सच्चे संरक्षक हैं। शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण एवं संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण एवं ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी आवश्यक है।
बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के दौरान माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य-नाटिका एवं जागरूकता प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने “वृक्ष लगाओ, जीवन बचाओ” का संदेश देते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
छात्र-छात्राओं ने वृक्षों के महत्व तथा उनके अभाव में होने वाले दुष्परिणामों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया। विद्यालय की छात्राएं एवं छात्र आस्था झा, नैतिक, श्रेया झा, सीता, शाश्वत झा, फातिमा, इशिका, नसिया, अंकित, सौम्या एवं काव्या सहित अन्य बच्चों ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर सभी की सराहना प्राप्त की। न्यायिक अधिकारियों ने बच्चों को पर्यावरण जागरूकता का सशक्त दूत बताते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत तथा डीएलएसए सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने सभी प्रतिभागी बच्चों को पेन एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

रेलवे स्टेशन परिसर में भी चला हरित अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बेगूसराय रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ थाना परिसर में भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डीएलएसए सचिव एवं अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नलिनी रंजन सिंह तथा स्टेशन अधीक्षक मल्लेश कुमार ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि वृक्षों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने लोगों से अपने घर एवं आसपास कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और बढ़ती गर्मी की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देना होगा।

बड़ी संख्या में गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश बिजेंद्र कुमार, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश संजय कुमार, श्रीराम झा, नवीन कुमार श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कविता कुमारी, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ध्रुव कुमार, जिला वकील संघ के अध्यक्ष संजीत कुमार सिंह, इंद्रसेन शर्मा, उदय कुमार, संगम मिश्रा, सौरभ कुमार, रंजीत कुमार, शशि कुमार, शैलेश कुमार, हरेराम दास, मुरारी कुमार, एलएडीसी के चीफ अशोक कुमार सिंह, शशि भूषण सिंह, विद्यालय के शिक्षक अमित किशोर, आकाश कुमार, रोबिन कुमार, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में न्यायालय कर्मी, अधिवक्ता, शिक्षक, छात्र एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
न्यायपालिका ने दिया हरित भविष्य का संदेश
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से न्यायपालिका ने केवल वृक्षारोपण ही नहीं किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त समाज, स्वच्छ वातावरण और हरित भविष्य के निर्माण का सशक्त संदेश भी दिया। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”






