ठनका गिरने से छात्र की मौत, दुर्गा पूजा की खुशियां मातम में बदलीं

SHARE:

मेला देखने निकले मासूम पर टूटा कहर, ठनका से नाबालिग की दर्दनाक मौत

कन्हैया कुमार की रिपोर्ट 

बेगूसराय : दुर्गा पूजा की रौनक और खुशियों के बीच बेगूसराय में एक दिल दहला देने वाला हादसा घटित हो गया। यहां दुर्गा मेला देखने निकले एक मासूम छात्र की ठनका (बिजली) गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

कैसे हुआ हादसा

मामला शाम्हो थाना क्षेत्र के अकबरपुर स्थित पुरानी डीह का है। यहां ललन सिंह के घर के पास मंगलवार की देर शाम अचानक बारिश शुरू हुई। इसी दौरान आसमान से गिरी ठनका की चपेट में आकर 13 वर्षीय शिवम कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान

मृतक शिवम कुमार, अकबरपुर बरारी पंचायत के जगन सैदपुर गांव वार्ड-2 निवासी शंभू यादव का बेटा था। बताया जा रहा है कि शिवम सातवीं कक्षा का छात्र था और गांव के दुर्गा मंदिर में लगे मेले को देखने जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

हादसे के बाद जब ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि शिवम जमीन पर गिरा हुआ है और उसकी मौत हो चुकी है। किसी ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। कुछ देर बाद शाम्हो थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया।

खुशियां मातम में बदलीं

दुर्गा पूजा जैसे शुभ पर्व पर हुई इस घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है। जहां एक ओर लोग दुर्गा पूजा की खुशी मनाने में जुटे थे, वहीं शिवम की मौत ने सबको स्तब्ध कर दिया।

ग्रामीणों में आक्रोश और दुख

ग्रामीणों ने बताया कि शिवम बहुत ही होनहार और मिलनसार बच्चा था। उसकी अचानक हुई मौत से गांव का हर घर शोक में डूब गया है। परिजन बार-बार बेहोश हो रहे हैं और उनके रोने की आवाज से माहौल और भी गमगीन हो उठा है।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई