पूर्व विधायक अमिता भूषण ने की पदयात्रा, पीड़ित परिजनों से मिलकर कहा “बेलगाम अपराध पर सरकार की जुबान पर लगा ताला

SHARE:

 

बेटियों की सुरक्षा पर सरकार फेल” पूर्व विधायक अमिता भूषण का बेगूसराय में आक्रोश

ब्यूरो रिपोर्ट

बिहार : बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार को पूर्व विधायक अमिता भूषण ने अपने जनसंपर्क और पदयात्रा कार्यक्रम के तहत हैबतपुर पंचायत के कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने गांव-गांव जाकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की, समस्याएं सुनीं और जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भूषण ने इस दौरान बासुदेवपुर, कोरिया, हैबतपुर, चंदपुरा समेत कई गांवों का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। पूर्व विधायक ने भरोसा दिलाया कि वह इन मुद्दों को जल्द प्रशासनिक स्तर पर उठाएंगी और समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगी।

पीड़ित परिवार से मुलाकात, सरकार पर जमकर हमला

पदयात्रा के बाद अमिता भूषण चेरियाबरियारपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने हाल ही में नाबालिग बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या की दिल दहला देने वाली घटना पर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिजनों से बातचीत के दौरान वे भावुक हो उठीं और सरकार पर कुशासन व महिला सुरक्षा की विफलता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि “चेरियाबरियारपुर में एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी और हत्या की घटना बेहद घिनौनी है। यह न सिर्फ नैतिकता का पतन है बल्कि शासन-प्रशासन की संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है। महिला अपराधों पर सरकार की जुबान पर लगा ताला अपराधियों के हौसले बुलंद कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा कि “सुशासन की दुहाई देने वाली सरकार और चहेते जनप्रतिनिधियों के चुनावी रंग में रंगा प्रशासन अब जनता का भरोसा खो चुका है। जब महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही, तब सरकार की सारी बातें खोखली साबित हो रही हैं।

कड़ी कार्रवाई और फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग

अमिता भूषण ने मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपितों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए और मामले की सुनवाई फास्टट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार वास्तव में संवेदनशील है, तो उसे महिला सुरक्षा को लेकर निर्णायक कदम उठाने होंगे।

पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे – पूर्व विधायक

 

परिजनों को दिलाया भरोसा

पूर्व विधायक ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि इस कठिन घड़ी में वे और उनकी पूरी टीम परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि न्याय दिलाने के लिए वे हर स्तर पर आवाज उठाएंगी और जरूरत पड़ी तो विधानसभा तक यह मुद्दा पहुंचाया जाएगा।

जनसंपर्क में जुटी टीम

इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे ।
प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह, नवल सिंह, बलराम कुमार, पंचायत अध्यक्ष आलोक कुमार, श्रीकांत सिंह, देवेंद्र सिंह, नरेश सिंह, जोखन सिंह, पंकज मिश्र, महेश कुंवर, विपुल कुंवर, विक्रम कुमार, शंभू राय, राजबली कुंवर, टेकारी सिंह, नीतीश कुमार, गोलू कुमार, लालू कुमार, बमबम राय, शंकर सिंह, चुनचुन कुंवर, बबलू सिंह, सुधीर मिश्रा, दिनेश पासवान सहित सैकड़ों ग्रामीण पदयात्रा में साथ रहे।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई