बेगूसराय में दो हत्याएं : एक की सिर कुचलकर, दूसरे की गोली मारकर हत्या से सनसनी

SHARE:

 

एक की सिर कुचलकर, दूसरे की गोली मारकर हत्या 

संजय कुमार कि रिपोर्ट 

बेगूसराय। अपराधियों ने एक बार फिर जिले में दहशत फैला दी है। बेगूसराय में दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई।
पहली वारदात चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र  की है, जहाँ एक मजदूर की सोए अवस्था में सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी घटना सिंघौल थाना क्षेत्र की है, जहाँ शराब पार्टी के दौरान विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। दोनों घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

पहली वारदात: सोए अवस्था में सिर कुचलकर मजदूर की हत्या

चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बसही पंचायत के मुसहरी टोला में देर रात एक मजदूर की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय राधे सहनी के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है।

सुबह जब बेटी ने अपने पिता के कमरे में जाकर देखा तो राधे सहनी खून से लथपथ बिस्तर पर पड़े थे। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ी, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि हत्या से एक दिन पहले राधे सहनी का भट्टा ठेकेदार से मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही चेरिया बरियारपुर थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

गांव में लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं ! अगर हत्या घर के अंदर हुई तो परिजनों को भनक क्यों नहीं लगी? दरवाजा किसने खोला? और हत्यारे ने कब हमला किया?”

इस पर मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि “राधे सहनी अपने अधनिर्मित मकान में रात में सोए हुए थे। उसी दौरान अपराधियों ने बोथले हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतक और भट्टा मैनेजर विपिन महतो के बीच मजदूरी के ₹70–75 हजार को लेकर विवाद था। उसी रंजिश में हत्या की गई है।”

डीएसपी ने पुष्टि की कि विपिन महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाने की मांग की है।

दूसरी वारदात: शराब पार्टी के बाद गोली मारकर युवक की हत्या, सड़क किनारे मिला शव

दूसरी घटना सिंघौल थाना क्षेत्र के नागदह वार्ड नंबर-10 की है। यहाँ सोमवार रात कुछ युवक शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए।

मृतक की पहचान संतोष कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाघी वार्ड नंबर-25 निवासी अर्जुन महतो के पुत्र थे। संतोष ठेला (जुगाड़ गाड़ी) चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।

सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे खेत में खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर सिंघौल थाना पुलिस पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से शराब की बोतलें और डिस्पोजेबल गिलास बरामद किए गए हैं।

घटनास्थल का फोटो

मृतक के पिता अर्जुन महतो ने बताया कि “सोमवार शाम लगभग 5 बजे संतोष कुछ लोगों के साथ शांति साह चौक से गया था। रात में आखिरी बार फोन पर बात हुई तो उसने कहा — ‘अभी झगड़ा झंझट हो रहा है, बाद में बात करता हूँ।’ उसके बाद सुबह उसकी लाश मिली। परिवार में मातम पसरा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एसपी मनीष कुमार ने बताया कि “पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

बता दें कि दोनों वारदातों के बाद जिले में डर और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बेगूसराय में अपराधी बेख़ौफ़ हैं और पुलिस की गश्ती व्यवस्था और मजबूत करने की जरूरत है। पिछले एक सप्ताह में जिले में हुई यह तीसरी हत्या है, जिससे लोगों में भय व्याप्त है।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई