बेगूसराय व्यवहार न्यायालय में डिजिटल एंड स्कैनिंग सेंटर का उद्घाटन, न्यायिक व्यवस्था में आएगा तकनीकी बदलाव

SHARE:

अब नहीं लगेंगे हफ्ते केस की कॉपी पाने में, बेगूसराय कोर्ट में शुरू हुई डिजिटल स्कैनिंग सुविधा

बिहार: न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बेगूसराय व्यवहार न्यायालय परिसर में डिजिटल एंड स्कैनिंग सेंटर का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने किया।

उद्घाटन करते जिला जज

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अब न्यायालय के सभी जुडिशियल रिकॉर्ड्स को डिजिटल माध्यम से सुरक्षित रखने और अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस केंद्र में प्रशिक्षित तकनीकी कर्मी कार्यरत रहेंगे, जो पुराने और नए दोनों प्रकार के अभिलेखों का स्कैनिंग और डिजिटाइजेशन करेंगे।

oplus_6291456

ऋषिकांत ने बताया कि पहले जहां किसी केस की नकल या जानकारी प्राप्त करने में हफ्तों या महीनों का समय लग जाता था, वहीं अब यह कार्य कुछ ही मिनटों में संभव होगा। डिजिटल सिस्टम लागू होने के बाद पक्षकारों को अब घर बैठे ही अपने मुकदमे की स्थिति देखने, आदेश की प्रति डाउनलोड करने और केस की स्टेज जानने की सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा, आज से स्कैनिंग की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिसमें 50 प्रतिशत पुराने केस और 50 प्रतिशत नए केस लिए जा रहे हैं। सभी फाइलों को स्कैन कर क्वालिटी टेस्ट के बाद ई-मोड में सुरक्षित रखा जाएगा।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि इस कार्य को दो स्तरों पर संचालित किया जा रहा है — रिकॉर्ड रूम के रिकॉर्ड कीपरों को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि स्कैनिंग टीम रोज़ 50-50 अनुपात में पुराने और नए केस की फाइलें प्राप्त करेगी। इन फाइलों को स्कैन कर पुनः सुरक्षित रूप से रिकॉर्ड रूम में लौटा दिया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कोर्ट कमेटी के नोडल ऑफिसर और सिस्टम ऑफिसर द्वारा की जाएगी ताकि किसी भी फाइल की सुरक्षा या गुणवत्ता से समझौता न हो, 01 दिसंबर 2024 तक सभी डिस्पोज़ल रिकॉर्ड्स को भी इस सिस्टम में शामिल कर लिया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मियों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पहल न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और आधुनिकता का नया अध्याय साबित होगी।

इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम महेश कुमार सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय बृजेश कुमार, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ सबा आलम, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणा निधि प्रसाद आर्या, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी राकेश कुमार, आलोक कुमार, नाजिर जयप्रकाश, नायब नाजिर अभिनव, सहायक उदय कुमार, सिस्टम ऑफिसर अरमान भाई जी, असिस्टेंट सिस्टम ऑफिसर धर्मशील कुमार तथा नीतीश कुमार सहित कई न्यायिक अधिकारी एवं कर्मी  उपस्थित रहे।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई