बेगूसराय में आज राहुल गांधी की जनसभा, मटिहानी में तेजस्वी- मुकेश सहनी का शक्ति प्रदर्शन
ब्यूरो रिपोर्ट
बेगूसराय में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आगमन होने वाला है। राहुल गांधी अझौर परना रोड स्थित सोना चिमनी मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं तेजस्वी यादव, मुकेश सहनी और आईपी गुप्ता भी बेगूसराय पहुंचेंगे, जहां वे मटिहानी विधानसभा के बहदरपुर में महागठबंधन की ओर से जनसभा करेंगे।
महागठबंधन के शीर्ष नेताओं के एक साथ बेगूसराय आने से जिले की दोनों प्रमुख सीटों — मटिहानी और बेगूसराय विधानसभा — का राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना जताई जा रही है। मटिहानी विधानसभा में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। यहां एनडीए प्रत्याशी राजकुमार सिंह (जदयू) और महागठबंधन प्रत्याशी नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह (राजद) आमने-सामने हैं। दोनों ही क्षेत्र के बाहुबली माने जाते हैं, इसलिए यह सीट “हॉट सीट” के रूप में चर्चा में है।
वहीं बेगूसराय विधानसभा से एनडीए प्रत्याशी कुंदन कुमार (भाजपा) और महागठबंधन प्रत्याशी अमिता भूषण (कांग्रेस) के बीच सीधा मुकाबला है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की संयुक्त जनसभा से कांग्रेस और राजद कार्यकर्ताओं में जोश देखा जा रहा है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आज की इन दोनों जनसभाओं के बाद बेगूसराय की चुनावी तस्वीर में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







