शादी की खुशियां बनी दहशत, बेगूसराय में अवैध हथियारों से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल
बिहार: बेगूसराय जिले के परिहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परिहारा, वार्ड संख्या-03 (परिहारा चौक) में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान अवैध हथियारों से खुलेआम हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी 2026 को परिहारा चौक निवासी सुशील सिंह की पुत्री की शादी थी। आरोप है कि शादी समारोह के दौरान दर्जनों लोग अवैध राइफल, बंदूक और कट्टा लहराते हुए गांव में घूमे और कई राउंड फायरिंग की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पूरे गांव में हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन किया गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
13 फरवरी 2026 को परिहारा थाना में पदस्थापित एसआई रविंद्र कुमार ने अपने स्व-बयान के आधार पर कार्रवाई की पहल की। थाना के सरकारी मोबाइल पर प्राप्त एक वायरल वीडियो में कुछ लोग शादी समारोह के दौरान हथियार से फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस टीम सत्यापन के लिए वार्ड संख्या-03 स्थित सुशील सिंह के आवास पहुंची।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी को शादी के दौरान ही हर्ष फायरिंग की घटना हुई थी। वायरल वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान बखरी थाना क्षेत्र के निसहरा गांव निवासी रामाधार सिंह के पुत्र पवन कुमार सिंह, परिहारा थाना क्षेत्र के सांखू गांव निवासी संजीव साह के पुत्र प्रिंस कुमार, स्वर्गीय मनोज सिंह के पुत्र प्रीतम कुमार सिंह एवं सुशील सिंह सहित कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों के रूप में की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, फायरिंग के दौरान सुशील सिंह के पुत्र सौरभ कुमार के पैर में गोली लगने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस सत्यापन के समय सौरभ कुमार घर पर मौजूद नहीं मिले। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि के बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
सूत्रों के अनुसार, सुशील सिंह और उनके पुत्र सौरभ सिंह पर पूर्व से हत्या (धारा 302), हत्या का प्रयास (307), आपराधिक षड्यंत्र (120B), मारपीट (323), रास्ता रोकना (341) तथा आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस वायरल वीडियो के साथ-साथ आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
अवैध आग्नेयास्त्र से हर्ष फायरिंग को संज्ञेय अपराध मानते हुए नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस्तेमाल किए गए हथियार लाइसेंसी थे या अवैध।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी या अन्य समारोहों में हथियारों का प्रदर्शन या फायरिंग से बचें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस एफआईआर दर्ज कर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







