बेगूसराय में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जागरूकता रथ रवाना, 14 मार्च को होंगे विभिन्न मामलों का निपटारा

SHARE:

जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पहल, गांव–गांव जाकर लोगों को दी जाएगी कानूनी जानकारी और बाल विवाह रोकने का संदेश

ब्यूरो रिपोर्ट

बेगूसराय जिले में आगामी 14 मार्च को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता को लेकर सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर एडीआर बिल्डिंग से जागरूकता वाहन को न्यायाधीशों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों में घूम-घूमकर राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में लोगों को जानकारी देगा तथा अपने लंबित मामलों को आपसी सहमति से निपटाने के लिए प्रेरित करेगा। इसके साथ ही वाहन के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकारियों ने बताया कि 14 मार्च को बेगूसराय जिले के सभी न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दोनों पक्षों की सहमति से मामलों का बिल्कुल मुफ्त निपटारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सरकार और सुप्रीम कोर्ट द्वारा छोटे-छोटे मुकदमों में फंसे लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत देने के उद्देश्य से मेडिएशन सेंटर (मध्यस्थता केंद्र) की स्थापना की गई है। यहां प्रशिक्षित मेडिएटर के माध्यम से दोनों पक्षों को बैठाकर समझौते का माहौल बनाया जाता है, जिससे लोग आपसी सहमति से विवाद का समाधान कर सकें और अदालतों के चक्कर से बच सकें।

राष्ट्रीय लोक अदालत में समझौता योग्य आपराधिक मामले, बिजली से जुड़े मामले, परिवार न्यायालय के मामले, दुर्घटना बीमा से जुड़े मामले सहित कई प्रकार के मामलों का निपटारा किया जाएगा।
इस अवसर पर न्यायाधीश राज नारायण निगम, संजय कुमार तृतीय, वेद प्रकाश मोदी, जिला, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी आलोक कुमार, मासूम खान, नैंनसी कुमारी, कंचन रानी, मिठू रानी, ओमप्रकाश और शालिनी किरण, विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य समेत कई न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष ध्रुव कुमार, महासचिव विजय कुमार झा, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजीत कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता सुबोध कुमार झा, एलडीसी के अशोक कुमार सिंह, डिप्टी चीफ अशोक कुमार झा, डीएलएसए के उदय कुमार, इंद्रसेन शर्मा, सौरभ कुमार, शशि कुमार, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता दीपक कुमार, पीएलवी शैलेश कुमार, पत्रकार सह पीएलवी हरेराम दास, सुजीत कुमार और विवेक कुमार सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में बिहार ग्रामीण बैंक के विक्की कुमार भी उपस्थित थे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार एवं न्यायिक पदाधिकारियों ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने लंबित मामलों का आपसी सहमति के आधार पर निपटारा कराएं , जिससे समय और धन दोनों की बचत हो सके।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई