परिवहन विभाग की निष्क्रियता से ट्रैफिक चालान का एक भी मामला नहीं सुलझा, लोग बैरंग लौटे
ब्यूरो रिपोर्ट
बेगूसराय: साल 2026 की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन शनिवार को बेगूसराय जिला न्यायालय परिसर में किया गया। इस दौरान कुल 16 पीठों का गठन किया गया, जिनके संचालन की जिम्मेदारी न्यायाधीश वेद प्रकाश मोदी, गौरव आनंद, रंजन कुमार, आलोक कुमार, ओमप्रकाश, कुमारी मिठू रानी, कंचन रानी, सानू कुमार, राकेश कुमार, नैंसी कुमारी, शालिनी किरण, मयंक कुमार पांडे, मनोज कुमार सिंह, किरण कुमारी, रंजन देव और सुशांत कुमार को सौंपी गई।

राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत, जिला जज राज नारायण निगम, संजय कुमार तृतीय, ब्रजेश कुमार सिंह तथा डीएलएसए के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने संयुक्त रूप से किया। मंच का संचालन न्यायिक दंडाधिकारी कुमारी मिठू रानी और सानू कुमार ने किया।
इस अवसर पर डीएलएसए के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि जब पूरा विश्व अमेरिका-इजराइल-ईरान और रूस-यूक्रेन के युद्ध जैसी परिस्थितियों से जूझ रहा है और अपनी अर्थव्यवस्था को बचाने में लगा है, वहीं भारत में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से आम लोगों को त्वरित न्याय और राहत देने का प्रयास किया जा रहा है। यह देश की मजबूती और आर्थिक शक्ति को दर्शाता है।

लोक अदालत में समझौता योग्य आपराधिक मामले, परिवार न्यायालय के मामले, बिजली विभाग के मामले, बैंक ऋण संबंधी मामले सहित कई मामलों का दोनों पक्षों की सहमति से निपटारा किया गया।
इस बार लोक अदालत का मुख्य आकर्षण ट्रैफिक चालान से जुड़े मामले थे। ट्रैफिक चालान को लेकर हजारों लोग पीठ संख्या-10 में पहुंचे, लेकिन परिवहन पदाधिकारी की निष्क्रियता और किसी प्रकार की रियायत नहीं मिलने के कारण एक भी मामला निष्पादित नहीं हो सका, जिससे लोग निराश होकर वापस लौट गए।
लोक अदालत में कुल 2394 मामलों का निष्पादन किया गया। इनमें 330 आपराधिक मामले, बैंक ऋण से जुड़े मामलों में लगभग 5 करोड़ रुपये पर समझौता, बिजली विभाग के करीब 90 मामले, दुर्घटना दावा का 1 मामला, चेक बाउंस के 6 मामले, रेलवे कोर्ट के 564 मामले, इसके अलावा अनुमंडल कोर्ट मंझौल से 99, बखरी कोर्ट से 17, बलिया कोर्ट से 54 और तेघड़ा कोर्ट से 37 मामलों का निष्पादन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डीएलएसए के सचिव करुणानिधि प्रसाद आर्य सभी पीठों का लगातार निरीक्षण करते रहे और लोगों की शिकायतें सुनकर उनके समाधान का प्रयास भी करते रहे।
अंत में उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए सभी न्यायाधीशों और जिलेवासियों को बधाई दी।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







