मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में सांड घुसने की खबर भ्रामक, सुरक्षा में कोई चूक नहीं: जिला प्रशासन

SHARE:

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर उनके आगमन से पहले आया था सांड, पुलिस-प्रशासन ने तुरंत हटाया; कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न

ब्यूरो रिपोर्ट 

बिहार: बेगूसराय में आयोजित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम को लेकर कुछ मीडिया माध्यमों में कार्यक्रम स्थल पर सांड के घुस जाने और सुरक्षा व्यवस्था में चूक की खबरें प्रसारित की जा रही हैं। इन खबरों को लेकर जिला प्रशासन ने स्पष्ट बयान जारी करते हुए कहा है कि यह खबरें पूर्णतः निराधार, भ्रामक और तथ्यों से परे हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, जिस घटना को लेकर सुरक्षा में चूक का दावा किया जा रहा है, उसकी वास्तविक स्थिति कुछ और ही है। प्रशासन ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर उनके आगमन से काफी पहले आसपास मौजूद भीड़ को देखकर एक सांड उस दिशा में आ गया था। वह सांड वहां से निकलने का प्रयास कर रहा था, जिसके कारण थोड़ी देर के लिए हलचल जैसी स्थिति बनी।

हालांकि मौके पर तैनात पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित कर लिया। सुरक्षाकर्मियों ने सांड को तुरंत कार्यक्रम स्थल से बाहर कर दिया, जिसके बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित और व्यवस्थित रही। कार्यक्रम स्थल पर सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया गया था और मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर कार्यक्रम के समापन तक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोई चूक नहीं हुई।
जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल और मानकों के अनुरूप शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और सभी व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित की गई थीं।

इस पूरे मामले को लेकर जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा है कि भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार से बचें। किसी भी प्रकार की खबर को प्रसारित या साझा करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें, ताकि समाज में गलत जानकारी फैलने से रोका जा सके।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई