नावकोठी थाना के नए थानाध्यक्ष बने मो. फ़िरदौस, संभाला पदभार; अपराध नियंत्रण होगी पहली प्राथमिकता

SHARE:

पदभार संभालते ही बोले – अपराध पर होगी सख्त कार्रवाई

ब्यूरो रिपोर्ट 

बेगूसराय जिले के नावकोठी थाना में रविवार को नए थानाध्यक्ष के रूप में मो. फ़िरदौस ने पदभार ग्रहण किया। उन्होंने यह जिम्मेदारी प्रशिक्षु एसडीपीओ अमरजीत तिवारी से विधिवत रूप से ग्रहण की। पदभार संभालते ही उन्होंने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराध पर नियंत्रण को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।

नव पदस्थापित थानाध्यक्ष मो. फ़िरदौस ने कहा कि थाना क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी तत्परता के साथ काम करेगी।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध घटना की जानकारी तुरंत थाना को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से नावकोठी क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का माहौल और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर एसआई विश्वजीत कुमार, रणजीत कुमार, गुड़िया कुमारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।

गौरतलब है कि इससे पहले मो. फ़िरदौस बेगूसराय के नगर थाना में अपर थाना अध्यक्ष पद पर पदस्थापित थे। नगर थाना में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई अहम मामलों के उद्भेदन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने में सक्रिय योगदान दिया था। उनकी कार्यशैली को लेकर पुलिस विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों के बीच भी सकारात्मक छवि रही है।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई