ईद-उल-फितर और चैती छठ को लेकर बेगूसराय में हाई अलर्ट, डीएम की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक

SHARE:

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, डीएम ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दिए निर्देश

संवाददाता: संजय कुमार की रिपोर्ट 

बेगूसराय। आगामी ईद-उल-फितर एवं चैती छठ पर्व के मद्देनजर जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने को लेकर जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाने की मांग रखी।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवासियों को ईद-उल-फितर एवं चैती छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

डीएम ने कहा कि मस्जिदों एवं गांधी स्टेडियम में ईद की नमाज के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, जिससे भीड़-भाड़ की स्थिति बनती है। ऐसे सभी चिन्हित स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही उन्होंने नगर निगम को शहर में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा गांधी स्टेडियम में नमाज के लिए बेहतर व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि ईद-उल-फितर और चैती छठ जैसे पवित्र पर्वों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जिले भर में हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि बेगूसराय जिला आपसी सौहार्द और भाईचारे के लिए जाना जाता है, लेकिन यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। डीएम ने शांति समिति के सदस्यों और आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी प्रकार की अफवाह, घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

बैठक के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने की भी बात कही और स्पष्ट किया कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई