पूजा कार्यक्रम की तैयारी में हुआ हादसा, करंट से झुलसे मजदूर ने तोड़ा दम
संवाददाता: संजय कुमार की रिपोर्ट
बेगूसराय जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से एक सफाईकर्मी की मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान वीरपुर थाना अंतर्गत जगदर पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी करीब 45 वर्षीय जयराम पासवान के रूप में की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को जयराम पासवान अपने पड़ोस में होने वाले पूजा-पाठ कार्यक्रम को लेकर साफ-सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए बेगूसराय शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान जयराम पासवान की मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक की पत्नी शीला देवी जगदर पंचायत के वार्ड-1 की पंच हैं। जयराम पासवान मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। दोनों बेटियों की अभी शादी नहीं हुई है और उनकी शादी की जिम्मेदारी भी जयराम पासवान के कंधों पर ही थी।
जयराम पासवान की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में लगे हुए हैं।

Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







