गैस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं,गैस गोदामों पर भीड़ न लगाएं – डीएम की अपील
संवाददाता: संजय कुमार की रिपोर्ट
बिहार: बेगूसराय समाहरणालय परिसर स्थित कारगिल विजय सभा भवन में एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने जिले में गैस आपूर्ति की वर्तमान स्थिति और प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में थिंक गैस पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर गैस आपूर्ति की जा रही है। फिलहाल जिले में कुल 7405 उपभोक्ता थिंक गैस पाइपलाइन से जुड़े हुए हैं। इसके अलावा एलपीजी गैस की आपूर्ति के लिए तीन प्रमुख कंपनियों की एजेंसियां कार्यरत हैं, जिनमें आईओसीएल (IOCL) की 40 एजेंसियां, बीपीसीएल (BPCL) की 16 एजेंसियां और एचपीसीएल (HPCL) की 12 एजेंसियां शामिल हैं।

डीएम ने बताया कि विभिन्न मीडिया माध्यमों से गैस आपूर्ति में संभावित समस्या की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने सख्ती से कार्रवाई शुरू की है। इसी क्रम में अवैध रूप से गैस सिलिंडर की जमाखोरी कर बिक्री करने वाले एक व्यक्ति के घर छापेमारी कर सिलिंडर जब्त किया गया और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलिंडर की बुकिंग में वृद्धि देखी गई है। नए नियम के अनुसार शहरी क्षेत्रों में एक उपभोक्ता नंबर से गैस बुकिंग के लिए कम से कम 25 दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों का अंतराल निर्धारित किया गया है।
जिला प्रशासन ने जिले की सभी गैस एजेंसियों के स्टॉक की जांच के लिए 68 टीमों का गठन कर व्यापक जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान अधिकांश एजेंसियां नियमानुसार कार्य करती पाई गईं।
डीएम ने कहा कि हाल के दिनों में फैली अफवाहों के कारण गैस गोदामों पर अनावश्यक भीड़ लग रही है। उन्होंने मीडिया के माध्यम से आम लोगों से अपील की कि वे घर से ही गैस बुकिंग करें। बुकिंग के बाद ओटीपी (OTP) के माध्यम से घर पर ही गैस सिलिंडर की डिलीवरी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में फिलहाल डिलीवरी में थोड़ा अधिक समय लग रहा है, लेकिन लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वर्तमान में औसतन IOCL द्वारा 3.4 दिन, BPCL द्वारा 6 दिन और HPCL द्वारा 4.2 दिन में गैस सिलिंडर की डिलीवरी की जा रही है।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस सिलिंडर की डिलीवरी ओटीपी प्रणाली के माध्यम से ही होगी, ताकि कालाबाजारी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। पिछले दो-तीन दिनों में ओटीपी से संबंधित गलत डिलीवरी की कुछ शिकायतें मिली हैं, जिसकी जांच के लिए अपर समाहर्ता महेश्वर प्रसाद सिंह को विभागीय जांच का निर्देश दिया गया है।
प्रेस वार्ता में डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता घरेलू गैस उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति भी जारी है और आंगनबाड़ी केंद्रों तथा विद्यालयों में कॉमर्शियल गैस आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका संपर्क नंबर 06243-450626 है।
डीएम ने आम नागरिकों से अपील की कि एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत के लिए इस नंबर पर संपर्क करें।

Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







