गंगा से लिफ्ट कर बहाई जाएगी धारा,अभियंताओं की टीम ने किया निरीक्षण; स्वीकृति मिली तो बनेगा डीपीआर
ब्यूरो रिपोर्ट
बेगूसराय: सिमरिया धाम के विकास को लेकर एक बड़ी और महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू हो गया है। अब यहां हरकी पौड़ी की तर्ज पर ‘कंट्रोल्ड गंगा चैनल’ बनाने की तैयारी है, जिससे सालभर श्रद्धालुओं को गंगा स्नान की सुविधा मिल सकेगी। जल संसाधन विभाग की टीम ने स्थल निरीक्षण कर संभावनाओं का आकलन किया है और जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।
दरअसल, गर्मी के मौसम में गंगा की मुख्य धारा घाट से करीब 400–500 मीटर दूर चली जाती है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को लेकर एमएलसी सर्वेश कुमार लगातार प्रयासरत रहे और उन्होंने विधान परिषद से लेकर मुख्यमंत्री तक इस मुद्दे को उठाया।
इसी क्रम में 16 मार्च को पटना में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी के समक्ष भी यह मामला रखा गया। मंत्री ने तत्परता दिखाते हुए विभागीय अधिकारियों को सिमरिया में हरकी पौड़ी जैसी व्यवस्था की संभावनाएं तलाशने का निर्देश दिया।
निर्देश के बाद 17 मार्च को अधीक्षण अभियंता रविन्द्र कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार समेत अन्य अधिकारियों की टीम सिमरिया धाम पहुंची और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान एमएलसी सर्वेश कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आई कि केनाल के बजाय ‘कंट्रोल्ड चैनल’ का निर्माण ज्यादा उपयुक्त होगा। प्रस्तावित योजना के तहत गंगा की मुख्य धारा से जल को लिफ्ट कर एक चैनल में प्रवाहित किया जाएगा, जिसमें फिल्ट्रेशन की भी व्यवस्था होगी। चैनल के किनारे सीढ़ीनुमा घाट बनाए जाएंगे, जिससे सभी आयु वर्ग के श्रद्धालु आसानी से स्नान कर सकेंगे।
फिलहाल चैनल के रूट को लेकर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। मिथिला हाट, कल्पवास क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। अभियंताओं की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की प्रक्रिया तय होगी।

एमएलसी सर्वेश कुमार ने बताया कि इस योजना के लागू होने से न केवल श्रद्धालुओं को सालभर गंगा स्नान की सुविधा मिलेगी, बल्कि बड़े आयोजनों के दौरान भीड़ नियंत्रण में भी प्रशासन को सहूलियत होगी।
अब सभी की निगाहें सरकार की स्वीकृति पर टिकी हैं। स्वीकृति मिलने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी और फिर निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता साफ होगा।
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”







