बेगूसराय में ईद को लेकर हाई अलर्ट: हर ईदगाह पर पुलिस तैनात, सोशल मीडिया पर भी सख्त नजर

SHARE:

ईद पर बेगूसराय प्रशासन का सख्त प्लान—जमीन से सोशल मीडिया तक हर गतिविधि पर नजर

20-21 मार्च को संभावित नमाज, डीएम-एसपी का संयुक्त आदेश—शांति भंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

ब्यूरो रिपोर्ट 

बेगूसराय: ईद-उल-फितर (ईद) 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री और पुलिस अधीक्षक मनीष द्वारा जारी संयुक्त आदेश के तहत जिले के सभी संवेदनशील स्थलों, ईदगाहों और मस्जिदों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।

चांद के दीदार के आधार पर 20 और 21 मार्च को संभावित नमाज को देखते हुए गांधी स्टेडियम समेत सभी प्रमुख नमाज स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील इलाकों, कब्रिस्तान और मंदिर-मस्जिद के आसपास सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। अफवाह फैलाने या आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर आईटी सेल की नजर है और ऐसे मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पर्व के दौरान नगर निगम और स्थानीय निकायों को सफाई, ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं बिजली विभाग को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और जर्जर तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को अलर्ट पर रखा गया है। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और बीडीओ को शांति समिति की बैठक कर सामाजिक समन्वय बनाए रखने को कहा गया है।

पर्व के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। विधि-व्यवस्था की निगरानी के लिए समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका फोन नंबर 06243-222835 है।

डीएम और एसपी ने संयुक्त अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई