जनसुराज की प्रेस वार्ता में सरकार पर तीखा हमला, बोले- जनता से हुआ विश्वासघात

SHARE:

बेगूसराय में जनसुराज का सरकार पर जोरदार हमला, बोले- वादों की सरकार अब सवालों से घिर गई है

ब्यूरो रिपोर्ट 

बेगूसराय। बिहार की राजनीति में जनसुराज ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बेगूसराय स्थित जनसुराज कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेताओं ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि चुनाव के समय किए गए बड़े-बड़े वादे आज भी सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।

प्रेस वार्ता में नेताओं ने कहा कि जनता ने बदलाव की उम्मीद में सरकार को मौका दिया था, लेकिन आज युवा बेरोजगारी, पलायन, अपराध और किसानों की बदहाली से परेशान हैं। एक करोड़ नौकरी देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की घोषणाएं भी अधूरी पड़ी हैं।

जनसुराज नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध लगातार बढ़ रहा है और सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि शिक्षा व्यवस्था भी बदहाल स्थिति में पहुंच चुकी है। नेताओं ने कहा कि नीट छात्र हत्याकांड जैसे गंभीर मामलों पर भी सरकार संवेदनहीन बनी हुई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान “बिहार नव निर्माण चरण-2” अभियान को लेकर भी चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन जनता के अधिकार और बेहतर बिहार के निर्माण के लिए चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में गांव-गांव जाकर सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रखा जाएगा।

नेताओं ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर सरकार जनता के मुद्दों पर गंभीर नहीं हुई तो जनसुराज सड़क से लेकर सदन तक बड़ा आंदोलन खड़ा करेगा। उन्होंने दावा किया कि अब बिहार की जनता बदलाव चाहती है और जनसुराज उसी आवाज को बुलंद कर रहा है।

इस मौके पर जन सुराज पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ सोनू शंकर, बेगूसराय संसदीय क्षेत्र के प्रभारी डॉक्टर रजनीश कुमार, महिला जिला अध्यक्ष किरण कुमारी, प्रवक्ता रूपम कुमारी, बिंदु कुमारी, कमल देवी, मीना देवी, संगीता देवी, सुनैना देवी, टिंकू राय, रंजीत कुमार, राजेंद्र मलिक और कार्यालय प्रभारी भोला ठाकुर सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में मौजूद नेताओं ने एकजुट होकर कहा कि अब जनता के हक की लड़ाई और तेज की जाएगी।

First Khabar Bihar
Author: First Khabar Bihar

“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”

सबसे ज्यादा पड़ गई