बोतल में पटाखा फोड़ना पड़ा भारी, मटकोर समारोह में बच्चों पर बरसे शीशे के टुकड़े
बेगूसराय: जिले के गढ़पुरा प्रखंड अंतर्गत सोनमा गांव में शादी समारोह के दौरान मटकोर रस्म उस समय अफरा-तफरी में बदल गई, जब शीशे की बोतल में रखकर पटाखा फोड़ने के दौरान जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में सात से अधिक बच्चे घायल हो गए। घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा देर रात तक गांव में हलचल बनी रही।
घटना बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा वार्ड संख्या-8 निवासी बैद्यनाथ पाल के पुत्र रौशन कुमार की शादी समारोह के दौरान हुई। बताया जा रहा है कि मटकोर की रस्म निभाने के लिए महिलाएं और बच्चे गांव में जुलूस के रूप में जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक पटाखा छोड़ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक ने शीशे की बोतल में पटाखा भरकर विस्फोट कर दिया, जिसके बाद बोतल के टुकड़े आसपास खड़े बच्चों को जा लगे और कई बच्चे घायल हो गए।

घायलों में सोनमा निवासी महेश पाल की 15 वर्षीय भांजी वर्षा कुमारी, सुरेश पाल की 12 वर्षीय पुत्री राजनंदनी, अमरजीत पाल की 8 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी, अमरजीत पाल की 14 वर्षीय पुत्री गुंजन कुमारी, हसनपुर थाना क्षेत्र के भैटबन गांव निवासी ज्ञानी पाल की 8 वर्षीय पुत्री रेखा कुमारी, सहरसा निवासी निर्मल पाल की पुत्री बादल कुमारी तथा सलौना निवासी शिवशंकर पाल की 7 वर्षीय पुत्री पिंकी कुमारी सहित अन्य बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में स्थानीय ग्रामीण चिकित्सक के यहां इलाज के लिए पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्यत्र भेज दिया गया।
घटना के बाद गांव में बम विस्फोट होने की चर्चा तेजी से फैल गई। कई लोग इसे सुतली बम विस्फोट बता रहे थे। हालांकि स्थानीय मुखिया रामकरण पासवान ने बम विस्फोट की बात से साफ इनकार करते हुए कहा कि कुछ शरारती युवकों द्वारा शीशे की बोतल में पटाखा रखकर फोड़ा गया था, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की।
इधर सूचना मिलते ही बखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में बम विस्फोट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना में घायल बच्चों का इलाज कराया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।
सूत्रों के अनुसार घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पटाखा फोड़ने वाले युवक की पिटाई भी कर दी। हालांकि पुलिस इस मामले में भी जानकारी जुटा रही है। शादी की खुशियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया और देर रात तक लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुटी रही।
बेगूसराय से संवाददाता संजय कुमार कि रिपोर्ट
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”






