बेगूसराय में मौसम बना आफत: सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा पर टूटा पेड़
संवाददाता: संजय कुमार की रिपोर्ट
बेगूसराय: जिले में सोमवार की शाम अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच नागदा स्थित सनफ्लावर स्कूल के समीप एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब तेज हवाओं के कारण एक विशाल पेड़ सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा पर जा गिरा।
हादसे में ई-रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं पास में खड़ी एक जुगाड़ गाड़ी (ठेला), एक मोटरसाइकिल और सड़क किनारे की दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त ई-रिक्शा में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, अन्यथा यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों में दहशत, मचा अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ ही सेकंड में पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा। अचानक हुए इस हादसे से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
चालक की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी
ई-रिक्शा चालक बबलू ने बताया कि वह सामान लेकर नागदा की ओर गया था। सामान उतारकर जैसे ही लौट रहा था, अचानक तेज आंधी शुरू हो गई। स्थिति को भांपते हुए उसने ई-रिक्शा सड़क किनारे लगाकर पास की एक दुकान में शरण ले ली। तभी अचानक तेज हवा के झोंके से एक बड़ा पेड़ सीधे उसके ई-रिक्शा पर आ गिरा।
पेड़ गिरने से न सिर्फ ई-रिक्शा, बल्कि पास में खड़ा ठेला, एक मोटरसाइकिल और आसपास की कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जिलेभर में आंधी-बारिश का असर
तेज आंधी और बारिश का असर जिले के कई हिस्सों में देखने को मिला। कई जगह कच्चे मकानों के छप्पर उड़ गए, वहीं पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
प्रशासन अलर्ट, लोगों से अपील
फिलहाल प्रशासन अलर्ट मोड में है। हालांकि अभी तक नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है, लेकिन व्यापक क्षति की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक बाहर निकलने से बचें
Author: First Khabar Bihar
“हर खबर पर पैनी नजर” स्वतंत्र, निष्पक्ष और जन-सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध एक भरोसेमंद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म।”






